
जीवन चौहान /कोरबा। पवित्र श्रावण मास में पंडित प्रदीप मिश्रा की श्रीशिव महापुराण कथा का विशाल आयोजन करने की तैयारी में महाकाल भक्त मंडल जोर-शोर से जुटा हुआ है। बारिश का मौसम होने और तेज बारिश की भावी संभावनाओं के मध्य कथा आयोजन स्थल को लेकर दिक्कतें पेश आई हैं।पहले कथा का आयोजन ग्राम कनबेरी के विशालकाय मैदान में करने की योजना थी, लेकिन जिला प्रशासन ने इसे उपयुक्त नहीं माना। इसके बाद प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम को तय किया गया, लेकिन भक्तों की संभावित संख्या के मद्देनजर यह स्थल काफी छोटा प्रतीत हो रहा है। अब महाकाल भक्त मंडल ने नगर पंचायत छुरीकला क्षेत्र अंतर्गत सलोरा में पूर्व वंदना पावर प्लांट की रिक्त पड़ी विशालकाय भूमि को इसके लिए चयनित किया है। महाकाल भक्त मंडल से जुड़े दुर्गेश शर्मा व शैलेष शुक्ला ने बताया कि पूर्व वंदना पावर प्लांट की जमीन पर तैयारी को शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। तैयारी को देखते हुए इस बात की प्रबल संभावना भी है कि कथा का जो आयोजन पूर्व में 12 जुलाई से तय किया गया था वह संभवत: एक सप्ताह आगे बढ़ाया जा सकता है।