कोरबा जिले की एसईसीएल कुसमुंडा खदान में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, एसईसीएल कर्मी सत्य नारायण शनिवार देर रात करीब 1 बजे कुसमुंडा खदान के खोड़री फेस में 60 टन क्षमता के डंपर से मिट्टी अनलोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक डंपर पीछे की ओर फिसल गया और लगभग 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान चालक ने अपनी जान बचाने के लिए डंपर से छलांग लगा दी, लेकिन नीचे मौजूद बड़े पत्थर यानी बोल्डर से सिर टकराने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक चालक दम तोड़ चुका था।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही कुसमुंडा क्षेत्र में ट्रेलर की चपेट में आने से एक ड्राइवर की मौत हुई थी। लगातार दूसरे दिन हुई इस दुर्घटना ने खदान में सुरक्षा मानकों और कार्यस्थल पर निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कर्मियों और स्थानीय लोगों ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।














