कोरबा। संयुक्त मानिकपुरी पनिका समाज जिला कोरबा के तत्वावधान में 21 जून को कोसाबाड़ी स्थित कबीर बाग में सद्गुरु कबीर साहेब जी के 629वें प्राकट्य उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल चौका आरती से हुई, जिसके बाद सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों तथा कबीर साहेब के ज्ञान का प्रचार-प्रसार करने वाले महंत एवं दीवानों को सम्मानित किया गया। साथ ही कबीर साहेब के दोहे एवं पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध यूट्यूबर एवं फिल्म निर्माता आनंद मानिकपुरी तथा कलाकार दीपा महंत को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर संवेदना ब्लड कंपोनेंट सेंटर द्वारा निःशुल्क रक्तदान शिविर तथा डॉ. संजय मानिकपुरी द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले विभिन्न ब्लॉक, सोसायटी पदाधिकारियों एवं मातृशक्तियों को भी सम्मानित किया गया।
शाम 5 बजे कबीर बाग से कबीर साहेब जी की झांकी, कर्मा नृत्य दल एवं सुसज्जित रथ में सवार महंत-दीवानों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में कबीरपंथी समाज के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और “साहेब बंदगी साहेब” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का समापन आरामशीन, काशीनगर स्थित कबीर चौरा में हुआ, जहां मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, वार्ड पार्षद सुभाष राठौर, पूर्व पार्षद नारायण दास, सांसद प्रतिनिधि पोषक दास महंत, जिला अध्यक्ष संतोष दास तथा प्रदेश सचिव महिला प्रकोष्ठ सुचित्रा संजय मानिकपुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन ने कबीर चौरा परिसर में मानिकपुरी कबीरपंथी समाज के लिए 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। महाआरती एवं भोजन प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस आयोजन को सफल बनाने में संयुक्त मानिकपुरी पनिका समाज के जिला पदाधिकारियों, विभिन्न ब्लॉकों—कटघोरा, पाली, पोड़ी, करतला, बालको, कोरबा शहरी एवं ग्रामीण—के पदाधिकारियों, कबीर बाग आश्रम सेवा समिति, बालको गुरुधाम समिति, युवा मानिकपुरी विकास समिति तथा विभिन्न क्षेत्रों के मातृशक्ति एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।














