कोरबा। कोरबा पुलिस ने राह चलती युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने करीब पांच महीने पहले रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर युवती से मारपीट की थी और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया था।पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे प्रार्थिया पूनम राय काम से पैदल अपने घर लौट रही थी। बुधवार रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचने पर वहां अंधेरा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक रेलवे लाइन की ओर से आया और युवती को हाथ-झापड़ से मारपीट करते हुए रेलवे पटरी की तरफ ले गया। इसके बाद आरोपी ने उसका रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये थी, छीन लिया और फरार हो गया।घटना की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए लगातार पतासाजी की।जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाला संदिग्ध आरोपी रामा सोरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी जैन मंदिर के पीछे बुधवार रेलवे किनारे बस्ती चौकी सीएसईबी में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल लूटना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, मॉडल RMX 3944, बरामद किया गया। मोबाइल की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में बीएनएस की धारा 304(2), 115(2) और 309(6) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे 09 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में सीएसईबी चौकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




