कोरबा जिले के करतला जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत चैनपुर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत में कराए जा रहे निर्माण कार्य बेहद घटिया स्तर के हैं, जिससे सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा और शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। लोगों ने सरपंच और सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन तक नहीं उठाया।
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि वोट मांगने गांव पहुंच जाते हैं, लेकिन अब समस्या सामने आने पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। मामले को लेकर अब जनपद पंचायत करतला के सीईओ और जनपद अध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी पैसों का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके।














