कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत उरांव बस्ती में कथित रूप से महुआ शराब की खुलेआम बिक्री जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध महुआ शराब का कारोबार संचालित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि देसी और विदेशी शराब की उपलब्धता नहीं होने या महंगी होने के कारण कई लोग महुआ शराब की ओर रुख कर रहे हैं। इससे न केवल अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और जनस्वास्थ्य से जुड़े सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उरांव बस्ती में खुलेआम महुआ शराब बेची जा रही है और इसकी जानकारी पुलिस व आबकारी विभाग को भी है। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस और आबकारी विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।














