कोरबा नगर निगम क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट निर्माण कार्य को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। मामला बुधवारी बायपास रोड का है, जहां निर्माण कार्य की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
आरोप है कि संबंधित स्थल पर बिना टेंडर प्रक्रिया और बिना वैध कार्यादेश के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में जब हमारी टीम ने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार मनोज अग्रवाल से बातचीत की और वर्क ऑर्डर की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, तो उन्होंने कहा कि वर्क ऑर्डर की जानकारी और दस्तावेज इंजीनियर राहुल मिश्रा से प्राप्त किए जा सकते हैं।
इसके बाद जब हमने नगर निगम के इंजीनियर राहुल मिश्रा से संपर्क किया, तो उन्होंने भी बताया कि कार्य का वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है। हालांकि, वर्क ऑर्डर जारी होने की बात कहे जाने के बावजूद उसकी प्रति अब तक सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं कराई गई है।
ऐसे में सवाल उठता है कि यदि कार्य का विधिवत वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है, तो उसे दिखाने या उपलब्ध कराने में देरी क्यों हो रही है? क्या निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किया जा रहा है, या फिर कहीं न कहीं पारदर्शिता की कमी है?
अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देता है और जनता के सामने संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करता है या नहीं।














