देश की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल गेवरा खदान से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। मानसून की शुरुआती बारिश ने ही खदान परिसर को पानी और कीचड़ के दलदल में बदल दिया है। खदान के भीतर से सामने आए वीडियो में करोड़ों रुपये की भारी मशीनें और डंपर कीचड़ में फंसे और रेंगते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे हालात में काम कर रहे मजदूरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।आरोप है कि खदान में कार्यरत PNC कंपनी ने बारिश से पहले पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की। नतीजा यह है कि खदान के रास्ते जलमग्न हो चुके हैं, दृश्यता बेहद कम है और दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।पानी भरने से कोयला परिवहन भी प्रभावित हो रहा है, जिससे उत्पादन और राजस्व पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं खदान में काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि हर साल करोड़ों का कारोबार करने वाली कंपनी बारिश से निपटने की बुनियादी तैयारी तक नहीं कर पाई।हालांकि, PNC कंपनी या संबंधित अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या माइनिंग विभाग और प्रशासन इस मामले की जांच कर कंपनी की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगा, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.














