कोरबा। पुरानी रंजिश की आग में एक बार फिर चाकू निकल आया। शराब के नशे में घर के पास पहुंचे आरोपी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे युवक को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी चाकू से वार कर दिया। मामले में सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला कोरबा जिले के ग्राम आछीमार का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुंदन भट्ट उम्र 35 वर्ष ने थाना सिविल लाइन रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर 2026 को गांव के ही जोगी राम मिरी ने उसे फोन कर घर बुलाया था।
इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी जोगी राम मिरी शराब के नशे में उसके घर के पास पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के बाद आरोपी ने अपने साथ लाए सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन भट्ट के पेट पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान जब आशिष भट्ट बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे उनके हाथ की उंगली में चोट आई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसके निवास स्थान से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में चाकू से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हल्के गुलाबी रंग का सब्जी काटने वाला चाकू भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी जोगी राम मिरी, पिता फोटुलाल, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम आछीमार को 12 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी सलाखों के पीछे है, लेकिन पुरानी रंजिश में घर तक पहुंचकर चाकू से किए गए इस हमले ने गांव में सुरक्षा और आपसी विवादों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा।




