कोरबा। अग्रसेन महाविद्यालय कोरबा में वर्ष 2014 में क्रीड़ा अधिकारी के पद पर हुई नियुक्ति को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। क्रीड़ा अधिकारी गौरी वानखेड़े की नियुक्ति प्रक्रिया और निर्धारित शैक्षणिक योग्यता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
दरअसल, शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2014 में क्रीड़ा अधिकारी पद के लिए तीन अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। इनमें NET और SET जैसी पात्रता रखने वाले अभ्यर्थी भी शामिल थे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर गौरी वानखेड़े का चयन किन मापदंडों और किस योग्यता के आधार पर किया गया?
शिकायत में उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नियुक्ति के समय उनके पास स्नातकोत्तर की उपाधि थी। वहीं, UGC के वर्ष 2018 के नियमों में इस पद के लिए NET, SET, SLET अथवा नियमानुसार Ph.D. जैसी शैक्षणिक अर्हताओं का प्रावधान है। हालांकि, वर्ष 2014 में लागू नियम क्या थे और नियुक्ति किन शर्तों के तहत हुई थी, इसकी जांच होना जरूरी है।
बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर जिलाधीश कोरबा और अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर के कुलपति के समक्ष कई बार शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
अब सवाल यह है कि क्या चयन प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुरूप हुई थी? चयन समिति ने किन योग्यताओं को आधार बनाया? क्या उस समय लागू भर्ती नियमों का पालन किया गया था? और शिकायतों के बावजूद अब तक जांच आगे क्यों नहीं बढ़ी?
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि वर्ष 2014 की पूरी भर्ती प्रक्रिया, चयन समिति की कार्यवाही, सभी अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, नियुक्ति आदेश और वर्तमान सेवा निरंतरता की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल इस मामले में निष्पक्ष जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन इन सवालों को कितनी गंभीरता से लेते हैं, या फिर क्रीड़ा अधिकारी की नियुक्ति से जुड़ा यह मामला शिकायतों और फाइलों तक ही सीमित रह जाता है।




