कटघोरा। अब कटघोरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए हर बार कोरबा, बिलासपुर और रायपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कटघोरा को नई सौगात मिली है। नवागांव रोड स्थित मीना जैन मेमोरियल (एमजेएम) मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का बुधवार को कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने विधिवत शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह में मंत्री लखन लाल देवांगन ने अस्पताल की शुरुआत को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद करते हुए अस्पताल संचालक डॉ. प्रिंस जैन की सेवाभावना की सराहना की। मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में डॉ. जैन रात में भी मरीजों के फोन उठाते थे और जरूरतमंदों के लिए अस्पताल में बेड की व्यवस्था कराने में सहयोग करते थे। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के प्रति उनका संवेदनशील रवैया भी सराहनीय रहा।

वहीं, अस्पताल संचालक डॉ. प्रिंस जैन ने बताया कि एमजेएम हॉस्पिटल में अब मरीजों को एक ही छत के नीचे कई आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में 24 घंटे एमबीबीएस चिकित्सक, आईसीयू, आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, निजी वार्ड, 24 घंटे फार्मेसी और पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इसके साथ ही मेडिसिन, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, सर्जरी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं भी शुरू की गई हैं। बड़े शहरों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की विजिट की व्यवस्था भी की जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन की इस पहल से कटघोरा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह अस्पताल क्षेत्र की स्वास्थ्य जरूरतों को किस तरह पूरा करता है।
शुभारंभ समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रतन मित्तल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अंत में अस्पताल संचालक डॉ. प्रदीप जैन, डॉ. प्रिंस जैन एवं डॉ. आकांक्षा जैन ने क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा।




