कोरबा के विद्यार्थियों के लिए एक अनूठी शैक्षणिक पहल देखने को मिली। कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों ने जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण कर भारतीय संविधान, न्यायपालिका की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था को नजदीक से समझा। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए केवल एक शैक्षणिक यात्रा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, न्याय और नागरिक अधिकारों को समझने का यादगार अवसर बना।
इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा की सचिव डिंपल भेड़िया एवं अधिवक्ता संघ कोरबा की सचिव कृति श्रीवास के मार्गदर्शन और सहयोग से कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यप्रणाली, न्यायाधीशों की भूमिका, न्यायिक प्रक्रिया तथा भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को माननीय न्यायाधीशों से मिलने और उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर भी मिला।

विद्यालय के डायरेक्टर श्री संतोष यादव एवं प्रिंसिपल श्रीमती अनीता राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में गणित शिक्षिका अंजली कश्यप, हिंदी शिक्षिका आभा मैडम एवं श्रीमती चेतना प्रधान भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर डायरेक्टर संतोष यादव ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि बच्चों को समाज, कानून और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना भी है। वहीं प्रिंसिपल श्रीमती अनीता राठौर ने कहा कि ऐसे व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाली जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डिंपल भेड़िया, अधिवक्ता संघ कोरबा की सचिव कृति श्रीवास, न्यायालय प्रशासन एवं सभी माननीय न्यायाधीशों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संविधान दिवस पर आयोजित यह पहल विद्यार्थियों के मन में एक महत्वपूर्ण संदेश छोड़ गई कि अधिकारों की जानकारी के साथ कर्तव्यों का पालन भी जरूरी है। जब बच्चे छोटी उम्र से ही संविधान, कानून और न्याय व्यवस्था को समझेंगे, तभी भविष्य में एक जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त नागरिक समाज का निर्माण होगा।
EVIS का संदेश — शिक्षा केवल किताबों में नहीं, अनुभवों से भी मिलती है; क्योंकि आज के जागरूक विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं।




