कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो और राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज फसल की वास्तविक स्थिति सामने आए, इसके लिए अब किसानों द्वारा किए गए फसल संबंधी दावों और आपत्तियों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खसरा और फसल प्रविष्टि से जुड़े लंबित प्रकरणों की गंभीरता से जांच करते हुए निर्धारित समयसीमा में निराकरण किया जाए।
दरअसल, कुछ किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज होने के बावजूद खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। ऐसे मामलों में खसरा मैपिंग के लिए संबंधित समितियों की आईडी में विशेष विकल्प उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से भूमि विवरण को एग्रीस्टेक से धान खरीदी के लिए सिंक किया जा सकेगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने की अंतिम समयसीमा 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
वहीं दूसरी ओर, डिजिटल क्रॉप सर्वे यानी DCS में जिन खेतों में दूसरी फसल दर्ज है, लेकिन किसानों ने धान की फसल बोने का दावा किया है, उन मामलों में तहसीलदारों के माध्यम से मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी। इतना ही नहीं, तकनीकी कारणों से जिन खसरों का फसल सत्यापन नहीं हो पाया है, उन्हें भी जांच के दायरे में शामिल किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि केवल कागजी रिकॉर्ड के आधार पर निर्णय नहीं लिया जाए, बल्कि राजस्व अभिलेखों का मिलान करने के साथ खेतों में जाकर वास्तविक फसल और उसके रकबे की जांच की जाए। सत्यापन के दौरान मौके के फोटो भी लिए जाएंगे, ताकि फसल की स्थिति का प्रमाण उपलब्ध रहे।
सत्यापन के बाद सही और अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर 30 नवंबर 2026 तक प्रस्तुत करनी होगी, जिससे आगे फसल प्रविष्टि और संशोधन की कार्रवाई की जा सके।
अब बड़ा सवाल यह है कि भौतिक सत्यापन के बाद कितने किसानों के फसल संबंधी दावे सही पाए जाते हैं और कितने मामलों में रिकॉर्ड में सुधार की जरूरत सामने आती है? फिलहाल जिला प्रशासन की इस पहल से धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता आने और पात्र किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा, छत्तीसगढ़।




