कोरबा। संविधान को सिर्फ किताबों में पढ़ना और न्याय व्यवस्था को अपनी आंखों से समझना, दोनों में बड़ा अंतर है। इसी अंतर को मिटाने की अनूठी पहल करते हुए Eagle Vision International School (EVIS), कोरबा के कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों ने संविधान दिवस पर जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। यहां बच्चों को लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ न्यायपालिका की कार्यप्रणाली को करीब से जानने और समझने का अवसर मिला।
इस शैक्षणिक भ्रमण को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा की सचिव डिंपल भेड़िया एवं अधिवक्ता संघ कोरबा की ग्रंथालय सचिव कृति श्रीवास के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को न्यायालय की प्रक्रिया, न्यायाधीशों की जिम्मेदारियों, संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों और नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। माननीय न्यायाधीशों से मुलाकात और उनका मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण रहा।
विद्यालय के डायरेक्टर संतोष यादव एवं प्रिंसिपल श्रीमती अनीता राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षिका अंजली कश्यप, आभा मैडम एवं श्रीमती चेतना प्रधान भी मौजूद रहीं।
डायरेक्टर संतोष यादव ने इस पहल को विद्यार्थियों को व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया। वहीं प्रिंसिपल अनीता राठौर ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय परिवार ने इस आयोजन में विशेष सहयोग और मार्गदर्शन देने के लिए डिंपल भेड़िया, कृति श्रीवास, न्यायालय प्रशासन एवं सभी माननीय न्यायाधीशों के प्रति आभार जताया।
यह भ्रमण बच्चों के लिए एक ऐसा अनुभव बना, जहां उन्होंने जाना कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने का मार्ग भी है।




