कोरबा। शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के अवैध कारोबार पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी सट्टा खिलाने में संलिप्त था। पुलिस की पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर की सूचना ने इस कथित सट्टा कारोबार का खुलासा किया।
मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हमराह स्टाफ एवं गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और दबिश देकर मोह. इसाक कुरैशी को कथित रूप से ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा।
पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल की जांच किए जाने पर श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे एवं कल्याण नामक ऑनलाइन साइटों से संबंधित जानकारी तथा विभिन्न अंकों और जोड़ियों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, मोबाइल फोन और नगद रकम भी जप्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टे के लेन-देन से जुड़े लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई ट्रांजेक्शन की जानकारी भी मिली है। इस मामले में पुलिस ने मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की, पिता स्वर्गीय ईस्माइल कुरैशी, उम्र 43 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल 112 पर सूचना दें।
अब बड़ा सवाल!
मोबाइल की स्क्रीन पर चलने वाला यह ऑनलाइन सट्टे का खेल कितने लोगों तक फैला हुआ था? लाखों रुपये के बताए जा रहे ऑनलाइन लेन-देन के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं? क्या पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर अन्य संलिप्त लोगों तक भी पहुंचेगी?
फिलहाल कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच के आगे बढ़ने और ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े पूरे नेटवर्क के खुलासे पर नजर रहेगी।
बुलंद आवाज न्यूज़ | कोरबा, छत्तीसगढ़




