सक्ती पुलिस ने चलते ट्रक पर चढ़कर चावल की बोरियां चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 50 किलोग्राम चोरी का चावल बरामद किया गया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संकेत गोयल निवासी वार्ड क्रमांक 14 सक्ती ने थाना सक्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून 2026 को उसके ट्रक क्रमांक CG15 KL 9002 में मारुति एग्रोवेट राइस मिल सरवानी से 580 बोरी सीएमआर चावल लोड कर शासकीय गोदाम टेमर भेजा गया था। गोदाम में माल उतारने के दौरान 50-50 किलोग्राम की तीन बोरी चावल कम पाई गई।
मामले की जांच के दौरान प्रार्थी ने सरवानी से टेमर मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। 14 जून को टेमर स्थित एक फर्नीचर दुकान के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक चलते ट्रक पर चढ़कर चावल की बोरियां नीचे गिराते हुए दिखाई दिया। वहीं दो अन्य युवक मोटरसाइकिल पर बैठकर उससे बातचीत करते नजर आए।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और आरोपी की पहचान नितिन कुमार पटेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी नंदेली, थाना सक्ती के रूप में की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रक से तीन बोरी चावल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी के हिस्से में आए 50 किलोग्राम चावल को पुलिस ने बरामद कर जप्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफ्फुल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में की गई। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।














