कोरबा जिले के तरदा क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ट्रक चालकों से कथित तौर पर अवैध रूप से 100 रुपये की वसूली किए जाने का आरोप लग रहा है। बताया जा रहा है कि पैसा नहीं देने पर वाहन चालकों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार भी किया जाता है।
जानकारी के अनुसार, भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर को तोड़कर एक शॉर्टकट मार्ग बना दिया गया है, जिसका उपयोग रायगढ़, चांपा और अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाले भारी वाहन कर रहे हैं। ये वाहन निर्धारित मार्ग की बजाय शॉर्टकट रास्ते से कुसमुंडा, दीपका और गेवरा की ओर निकल रहे हैं।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का आरोप है कि इसी मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा जबरन वसूली की जा रही है। इससे न केवल वाहन चालकों में भय का माहौल है, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब देखना होगा कि इस मामले में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण क्या कार्रवाई करते हैं। क्या अवैध वसूली पर रोक लगेगी और डिवाइडर तोड़कर बनाए गए इस शॉर्टकट मार्ग को बंद किया जाएगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।














