बाँकी मोंगरा थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी धरम सिंह राजपूत को पुलिस ने उसके साथी राजा खान के साथ गिरफ्तार कर लिया है। धरम सिंह राजपूत पर बाँकी मोंगरा ही नहीं बल्कि आसपास के कई थानों में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर लूटपाट, गोलीकांड, कबाड़ चोरी, डीजल चोरी, कोयला डकैती और मारपीट जैसे सैकड़ों मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। जानकारी के अनुसार रेलवे विभाग के बाँकी मोंगरा एवं आसपास के क्षेत्रों से करीब 40 से 45 लाख रुपये मूल्य के लोहे के सामान की चोरी की गई थी। इस मामले में धरम सिंह राजपूत, राजा खान निवासी कुसमुंडा तथा उनके अन्य साथियों की पुलिस और विभाग द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी किए गए लोहे को आरोपियों द्वारा अकलतरा क्षेत्र में खपाने की कोशिश की गई थी। जब बिक्री नहीं हो सकी, तो सामान को नहर में छिपा दिया गया। बाद में अकलतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त सामान को बरामद कर जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं इस पूरे मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस इस मामले को संगठित अपराध से जोड़कर भी जांच कर रही है। देखना होगा कि आगे इस मामले में और कौन-कौन से नाम सामने आते हैं।














