कोरबा में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम यानी NCAP के तहत लगभग 50 लाख रुपये की लागत से विकसित किए गए उद्यान को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वर्ष 2023-24 में 49.83 लाख रुपये की लागत से इस उद्यान का निर्माण कराया गया, जिसका वित्तपोषण पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा किया गया है।
परियोजना का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना बताया गया है। लेकिन वार्डवासियों का आरोप है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद उद्यान में अपेक्षित सुविधाएं और गुणवत्ता नजर नहीं आ रही है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, खर्च की पारदर्शिता और नियमित रखरखाव को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जनहित की योजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और संबंधित अधिकारियों को इसकी जांच करानी चाहिए।
अब देखना होगा कि नगर निगम और जिम्मेदार विभाग वार्डवासियों की शिकायतों पर क्या कदम उठाते हैं और इस परियोजना को लेकर उठ रहे सवालों का क्या जवाब देते हैं।














