कोरबा जिले के बेंगुरनाला कोहड़िया में हुए बसंत पटेल आत्महत्या मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि मृतक बसंत पटेल ने आरोपी नीलकुमार चौहान को 15 हजार रुपये उधार दिए थे, लेकिन रकम वापस नहीं मिलने से वह लगातार मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।जानकारी के मुताबिक, 10 मई 2026 को बसंत कुमार पटेल का शव बेंगुरनाला कोहड़िया स्थित प्रस्तावित सार्वजनिक देव स्थल के पास झाड़ियों में संदिग्ध हालत में मिला था। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून, टूटे हुए बीयर बोतल के टुकड़े और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। प्रारंभिक स्थिति को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक की मौत बीयर बोतल के कांच से गले पर लगी चोट के कारण हुई और यह आत्महत्या का मामला था।मर्ग जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नीलकुमार चौहान ने अप्रैल 2026 में बसंत पटेल से 15 हजार रुपये उधार लिए थे। रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल कर रहा था, जिससे बसंत मानसिक रूप से प्रताड़ित और परेशान हो गया था। इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।पुलिस ने आरोपी नीलकुमार चौहान के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर 23 मई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।














