कोरबा जिले के खरमोरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उसका काला धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से आसमान में साफ दिखाई दे रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद कई कर्मचारी अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। वहीं, कुछ कर्मचारियों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है तथा राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने और अफवाहों से बचने की अपील की है। कर्मचारियों के अंदर फंसे होने की जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।



