कोरबा पुलिस ने इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन और अमानत में खयानत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 9 लाख रुपये मूल्य की इमारती लकड़ी और परिवहन में इस्तेमाल की गई एक क्रेन बरामद की है। मामले में सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।जानकारी के अनुसार, सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास अनुमति से काटे गए वृक्षों की लकड़ी के अवैध परिवहन की शिकायत पर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध दर्ज किया गया था। प्रारंभिक शिकायत में सात वृक्षों की लकड़ी गायब होने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस और वन विभाग की संयुक्त जांच में मामला कहीं बड़ा निकला।पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक लकड़ी पहुंचाए जाने के महत्वपूर्ण सुराग मिले। प्रदेश स्तरीय संयुक्त कार्रवाई में करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये है, बरामद की गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक क्रेन भी जब्त की गई।आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 673/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 303(2), 316(5) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग या कोई संगठित नेटवर्क शामिल है।कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन या भंडारण की जानकारी तत्काल पुलिस या निकटतम थाने को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



