कोरबा वन मंडल में वर्षा ऋतु के आगमन के साथ एक विशाल किंग कोबरा के सुरक्षित रेस्क्यू का सफल अभियान चलाया गया। पसरखेत वन परिक्षेत्र में कोरबा–हाटी मुख्य मार्ग के पास झाड़ियों से निकलकर एक विशाल किंग कोबरा सड़क पार करता दिखाई दिया। सांप को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनमंडल अधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश और उपवन मंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सर्प संरक्षण संस्था RCRS के रेस्क्यू विशेषज्ञ अविनाश यादव और उनकी टीम को भी बुलाया गया।
वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए करीब 50 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया और भीड़ को दूर रखा। भारी बारिश के बीच लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद विशाल किंग कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास के समीप छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग और विशेषज्ञों ने ग्रामीणों से अपील की कि किंग कोबरा या किसी भी जहरीले जीव को नुकसान न पहुंचाएं। ऐसे जीव दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू कर लोगों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारी, वनरक्षक और सुरक्षा कर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।














