जुआ खेलने वालों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने कोदू चौक मैदान में चल रहे जुए के तीन अलग-अलग फड़ों पर एक साथ घेराबंदी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से ताश की 52-52 पत्तियों की तीन गड्डियां और कुल 13 हजार 360 रुपये की नकदी जब्त किए जाने का उल्लेख पुलिस की विस्तृत कार्रवाई में किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और आबकारी संबंधी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, कबरला रोड स्थित कोदू चौक मैदान में पीपल के पेड़ के नीचे स्ट्रीट लाइट की रोशनी में तीन अलग-अलग फड़ लगाकर कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 11 लोगों को पकड़ लिया।
तीन अलग-अलग मामलों में हुई कार्रवाई
पहले मामले में अपराध क्रमांक 679/26 के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 52 पत्ती ताश और 6,220 रुपये जब्त किए गए।
दूसरे मामले में अपराध क्रमांक 680/26 के तहत चार आरोपियों को पकड़कर 52 पत्ती ताश और 4,100 रुपये जब्त किए गए।
वहीं तीसरे मामले में अपराध क्रमांक 681/26 के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 52 पत्ती ताश और 3,040 रुपये जब्त किए गए।
इस प्रकार तीनों मामलों में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
अब सवाल यह है कि शहर के सार्वजनिक मैदानों में इस तरह जुए के फड़ कब तक सजते रहेंगे? पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा।




