कोरबा जिले में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने NHAI अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय निवासियों और CG-12 पासिंग घरेलू वाहनों को टोल शुल्क से मुक्त करने की मांग की है।
युवा कांग्रेस जिला महासचिव मधुसूदन दास के नेतृत्व में और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर, दीपक वर्मा की मौजूदगी में सौंपे गए ज्ञापन में टोल प्लाजाओं की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संगठन का कहना है कि कोरबा जिले में संचालित चोटिया, मदनपुर, बगदेवा और कोथारी टोल प्लाजाओं पर स्थानीय लोगों को अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि टोल कर्मचारियों द्वारा आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार, अभद्र भाषा का प्रयोग और मनमानी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। वहीं टोल वसूली के बावजूद सड़क सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है। सड़क किनारे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने, आवारा पशुओं की मौजूदगी और अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर हो रही दुर्घटनाओं के मामलों में टोल संचालक कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर लापरवाही पाए जाने पर अपराध दर्ज किया जाए। साथ ही टोल कर्मचारियों और प्रबंधन पर ओवरलोड राखड़ वाहनों के अवैध परिवहन में मिलीभगत के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।
युवा कांग्रेस जिला महासचिव मधुसूदन दास ने कहा कि कोरबा एक आदिवासी और किसान बहुल जिला है, जहां लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए कई बार आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में हर बार टोल शुल्क देना आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। उन्होंने स्थानीय निवासियों और घरेलू उपयोग के वाहनों को टोल फ्री करने की मांग दोहराई।
वहीं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर और दीपक वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस और एनएसयूआई द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस दौरान असंगठित कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबलू मारवा सहित युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।














