बिलासपुर। जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गिरधौना स्थित मुक्तिधाम के पास ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा खेलने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
इसी दौरान 7 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गिरधौना मुक्तिधाम के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर सकरी पुलिस ने मौके पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 15 लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अशोक साहू (52), शिवा विश्वकर्मा (23), रामकुमार यादव (30), मानसिंह (30), बुचनू यादव (42), दिलहरण सिंगरौल (39), शिवकुमार सारथी (30), तीजराम साहू (40), जितेन्द्र जायसवाल (21), विरेन्द्र सिंगरौल (20), शीतल सिंगरौल (28), छोटेलाल खूसरो (30), रोहित सिंगरौल (30), भुपेन्द्र कौशिक (28) और धर्मेंद्र रजक (26) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। मामले में अपराध क्रमांक 1018/2026 दर्ज किया गया है।
15 लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब क्षेत्र में जुआ गतिविधियों पर पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।




