बिलासपुर। जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर युवती के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 6 नवंबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 6 नवंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे आरोपी प्रशांत श्रीवास उर्फ राजा, निवासी कतियापारा, घर में घुस आया।
आरोप है कि आरोपी ने युवती का हाथ पकड़कर बुरी नीयत से खींचने और उसके शरीर को छूने का प्रयास किया। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसका गला दबाने की कोशिश की।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 658/26 के तहत बीएनएस की धारा 74, 351(2) एवं 33 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कतियापारा में दबिश देकर आरोपी प्रशांत श्रीवास उर्फ राजा को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में है।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा।




