बिलासपुर। मंदिरों को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह बुढ़ादेव नगर स्थित हनुमान मंदिर से भगवान का चांदी का मुकुट चोरी करने वाले दो आरोपियों को तोरवा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 15 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 और 8 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने देवरीडीह बुढ़ादेव नगर स्थित हनुमान मंदिर को निशाना बनाते हुए भगवान हनुमान जी का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया था। घटना की जानकारी मिलने पर प्रार्थी अविनाश वर्मा ने 8 नवंबर को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने जांच शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों शेखर ध्रुव और जगेश्वर उर्फ जग्गू प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया 15 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट बरामद कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 10 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




