बिलासपुर। चौकी मोपका थाना सरकंडा क्षेत्र में सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को मोपका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आर्टिफिशियल जेवर और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले के अनुसार, प्रार्थी हरिशंकर कश्यप निवासी रामकृष्ण नगर मोपका अपने परिवार के साथ 7 नवंबर 2026 को दिवाली का त्योहार मनाने अपने गृहग्राम झाझपुरी, लोरमी गया हुआ था। इसी दौरान 8 नवंबर को पड़ोसी ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर कमरे का सामान बिखरा मिला और अलमारी एवं लॉकर टूटे हुए पाए गए।
अज्ञात चोर घर से आर्टिफिशियल ज्वेलरी और नगदी रकम चोरी कर ले गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी मोपका में अपराध क्रमांक 1635/2026, धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस ने चोरी गए माल की पतासाजी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही मोहित ध्रुव उर्फ भूत (20 वर्ष), पिता पुनीत राम ध्रुव, निवासी भाटापारा, चौकी मोपका को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए आर्टिफिशियल जेवर और 2 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए। वहीं शेष 15 हजार रुपये दिवाली में खाने-पीने और पटाखे फोड़ने में खर्च करना बताया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में चौकी मोपका के पुलिस स्टाफ की उल्लेखनीय भूमिका रही।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा | छत्तीसगढ़




