कोरबा। कोयला उत्पादन में अपनी मेहनत और पसीना बहाने वाले ठेका श्रमिक आज अपने ही हक के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर बोनस नहीं मिलने से श्रमिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। हालात ऐसे रहे कि बोनस के अभाव में कई श्रमिक परिवारों की दिवाली की खुशियां फीकी पड़ गईं। जिन घरों में त्योहार की रोशनी और खुशियां होनी चाहिए थीं, वहां आर्थिक परेशानियों के चलते मायूसी छाई रही।
पूरा मामला SECL की मानिकपुर ओपनकास्ट कोयला खदान का है, जहां कार्यरत ठेका श्रमिकों ने बोनस की मांग को लेकर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। श्रमिकों ने HMS के बैनर तले महाप्रबंधक कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
आंदोलन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि कोल इंडिया द्वारा दिवाली से पहले नियमित कोयला कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को एक साथ बोनस देने की बात कही गई थी। लेकिन त्योहार बीत जाने के बाद भी ठेका श्रमिकों को बोनस का भुगतान नहीं किया गया। श्रमिकों का कहना है कि जब नियमित कर्मचारियों को बोनस दिया जा सकता है, तो वर्षों से कोयला उत्पादन में अपना योगदान देने वाले ठेका श्रमिकों को उनके अधिकार से क्यों वंचित रखा जा रहा है?
श्रमिकों ने SECL प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि ठेका श्रमिक भी दिन-रात मेहनत कर कोयला उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद त्योहार के समय उन्हें बोनस के लिए इंतजार करना पड़ा। मजदूरों का कहना है कि महंगाई के इस दौर में बोनस उनके परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक मदद होती है। बच्चों की जरूरतें, घर का खर्च और त्योहार की तैयारियां इसी उम्मीद से जुड़ी रहती हैं।
बोनस नहीं मिलने से नाराज श्रमिकों ने महाप्रबंधक कार्यालय के सामने धरना देकर प्रबंधन से जल्द से जल्द बोनस का भुगतान करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता और बोनस भुगतान को लेकर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
वहीं श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बोनस का भुगतान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उग्र आंदोलन भी किया जा सकता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कोयला उत्पादन में अपनी मेहनत लगाने वाले ठेका श्रमिकों को आखिर उनके बोनस के लिए आंदोलन क्यों करना पड़ रहा है? क्या SECL प्रबंधन श्रमिकों की इस मांग पर गंभीरता दिखाएगा या फिर मजदूरों को अपने हक के लिए इसी तरह सड़क पर उतरना पड़ेगा?
फिलहाल मानिकपुर खदान के ठेका श्रमिकों की निगाहें SECL प्रबंधन पर टिकी हुई हैं।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा।




