कोरबा। जिले के टीपी नगर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब शराब दुकान के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। मृतक की पहचान दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत अटल आवास निवासी लगभग 40 वर्षीय सुग्रीव रजवार के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुग्रीव रजवार गैरेज में काम करके अपना जीवनयापन करता था। उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। शव मिलने की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 40 वर्षीय सुग्रीव रजवार की मौत कैसे हुई? क्या यह सामान्य मौत है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है? इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा।




