कोरबा में होटल और रेस्टोरेंट में खाना खाने वालों के लिए एक बार फिर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की निरीक्षण कार्रवाई के दौरान एक होटल की किचन में ऐसी अव्यवस्थाएं मिलीं, जिन्हें देखकर खाद्य स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन का है, जहां खाद्य विभाग की टीम ने आज और कल निरीक्षण किया। इस दौरान बिरयानी राइस का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
लेकिन निरीक्षण के दौरान किचन की स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। अधिकारियों के मुताबिक किचन में भारी अव्यवस्था, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और बड़ी संख्या में कॉकरोचों की मौजूदगी मिली। इसके बाद किचन की व्यवस्था में सुधार होने तक आगामी आदेश तक लाइसेंस निलंबित किए जाने की अनुशंसा की गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई बालको भद्रापारा स्थित साहू जनरल स्टोर में की गई, जहां से सरसों तेल का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इसी कड़ी में 18 नवंबर 2026 को टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया था। वहां अनहाइजीनिक परिस्थितियों में संचालन पाए जाने पर विभाग ने सात दिनों तक प्रतिष्ठान बंद रखने का नोटिस जारी किया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ग्राहकों को परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता की निगरानी कितनी गंभीरता से की जा रही है?
होटल की चमक-दमक देखकर खाना सुरक्षित मान लेना काफी नहीं है। किचन की सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी उतनी ही जरूरी है।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा की अपील है कि बाहर खाना खाते समय स्वच्छता पर ध्यान दें और खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विभाग को शिकायत करें।




