कोरबा में मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खास बात यह है कि यह कार्रवाई बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा की खबर का असर मानी जा रही है।
पॉवरहाउस रोड स्थित हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स, जिसे छप्पन भोग के नाम से भी जाना जाता है, वहां प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभाग ने खोवा जलेबी और रबड़ी जलेबी के नमूने जांच के लिए लिए हैं। अब इन नमूनों की जांच रिपोर्ट से ही गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं दूसरी ओर रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां और खराब हो चुकी मिठाइयां पाई गईं।
खाद्य विभाग ने मौके पर ही लगभग 70 से 75 किलो खराब मिठाई नष्ट कराई। इतना ही नहीं, दुकान में आवश्यक सुधार होने तक फर्म को बंद भी कराया गया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर आम जनता को बेची जाने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता की निगरानी कितनी गंभीरता से हो रही है?
त्योहार हो या आम दिन, मिठाई खरीदने वाला हर ग्राहक अपनी सेहत के साथ समझौता नहीं करना चाहता।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा — खबर वही, जो जनता की आवाज बने!




