कोरबा। शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक मामला राताखार बाईपास रोड से सामने आया है। रात के करीब 11 बजे पेट्रोल पंप के पास एक युवक के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नगदी रकम लूट ली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, मामले में कोरबा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे रामसागरपारा निवासी प्रार्थी राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास था। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा नगदी रकम लूट ली। घटना के बाद प्रार्थी ने थाना कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 937/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 115(2) एवं 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान इस लूटपाट की घटना में शामिल तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।
तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
* लखन राजपूत, उम्र 23 वर्ष, निवासी रामसागरपारा, कोरबा।
रवि निषाद उर्फ दादू, उम्र 22 वर्ष, निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा।
* कमल निषाद उर्फ टेंगना, निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नगदी रकम और घटना में इस्तेमाल किया गया चोरी का दोपहिया वाहन बरामद किया है। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
रात के समय बाईपास मार्ग पर हुई इस घटना ने राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर सुनसान रास्तों और देर रात आवागमन करने वाले लोगों के लिए ऐसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद आम लोगों को उम्मीद है कि क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था भी मजबूत होगी।
कोरबा पुलिस की अपील: किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर सूचना दें।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा




