कोरबा जिले के जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत भैसमा के बाजार चौक से सरकारी व्यवस्था को आईना दिखाने वाली तस्वीर सामने आई है।
यहां स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत निर्मित सामुदायिक हाईवे शौचालय और ग्राम पंचायत भैसमा के सहयोग से सहायता समूह द्वारा निर्मित पुरुष शौचालय, दोनों बनकर तैयार तो हैं, लेकिन विडंबना देखिए कि दोनों शौचालयों के दरवाजों पर ताला लटका हुआ है।
एक तरफ सरकार स्वच्छता और खुले में शौच से मुक्ति के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी तरफ भैसमा बाजार चौक में जनता की सुविधा के लिए बनाए गए दो-दो शौचालय बंद पड़े हैं।
शौचालय के दरवाजों पर जंग खाते ताले और बंद पड़े परिसर सरकारी दावों की जमीनी हकीकत बयां कर रहे हैं। राहगीरों, बाजार आने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों के लिए जब दोनों शौचालयों का उपयोग ही संभव नहीं है, तो आखिर इनका निर्माण किस उद्देश्य से कराया गया?
सबसे बड़ा सवाल ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की जिम्मेदारी को लेकर है। क्या निर्माण के बाद शौचालयों के संचालन और रखरखाव की कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई? आखिर जनता को मूलभूत सुविधा देने में इतनी लापरवाही क्यों?
मामले में सरपंच पति से भी पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला और फोन भी रिसीव नहीं किया गया।
अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदारों की जवाबदेही कौन तय करेगा?
क्या जनपद पंचायत कोरबा के अधिकारी इस मामले का निरीक्षण करेंगे? क्या जिला पंचायत प्रशासन बंद पड़े दोनों शौचालयों की जांच कराएगा? क्या निर्माण राशि, संचालन व्यवस्था और रखरखाव की जिम्मेदारी की पड़ताल होगी?
अब देखना होगा कि ग्राम पंचायत भैसमा के सरपंच और सचिव पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और जनता को इन शौचालयों की सुविधा कब तक मिल पाती है।




