कोरबा।** घर में देवउठनी एकादशी की पूजा की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक आंगन में करीब 8 फीट लंबे विशाल अजगर के पहुंचने से खुशियों और पूजा की तैयारियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। अजगर को देखते ही परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख एवं वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी को इसकी सूचना दी गई।
खास बात यह रही कि जिस वक्त रेस्क्यू की सूचना मिली, उस समय इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसके बावजूद जितेंद्र सारथी बिना देर किए मौके पर पहुंचे। बारिश और फिसलन को देखते हुए रेनकोट एवं गमबूट पहनकर उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
आंगन में मौजूद अजगर काफी विशाल था। रेस्क्यू के दौरान वह खुद को बचाने के प्रयास में बार-बार आक्रामक हो रहा था और हमला करने की कोशिश कर रहा था। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में जितेंद्र सारथी ने धैर्य, अनुभव और सूझबूझ का परिचय देते हुए काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर थैले में रखा।
इस दौरान घर के सदस्य छाता लेकर रेस्क्यू अभियान को देखते रहे। वहीं अजगर को देखने के लिए आसपास के पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। हर किसी की नजरें इस बात पर टिकी थीं कि आखिर विशाल अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कैसे होगा।
लगातार बारिश, फिसलन भरा आंगन और अजगर के आक्रामक व्यवहार के बीच सफलतापूर्वक रेस्क्यू करना आसान नहीं था। लेकिन जितेंद्र सारथी की तत्परता और वन्यजीव संरक्षण के प्रति समर्पण से एक संभावित खतरा टल गया।
**जितेंद्र सारथी ने आम नागरिकों से की अपील**
रेस्क्यू के बाद जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में सांप और अन्य वन्यजीव सूखे एवं सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों, आंगन, जूते-चप्पलों, वाहनों और आसपास के स्थानों में पहुंच सकते हैं। ऐसे में किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
संदेश साफ है—वन्यजीवों से डरें नहीं, उन्हें नुकसान भी न पहुंचाएं। सावधानी बरतें और सुरक्षित रेस्क्यू के लिए प्रशिक्षित लोगों की मदद लें।




