सक्ती। थाना सक्ती पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ही गिरोह द्वारा थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग मकानों में की गई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, पहली घटना फाटकपारा, कांजी हाउस के पीछे रहने वाले देवराम पटेल के घर हुई थी। 28 जुलाई की रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर में ताला लगाकर सोने के बाद अज्ञात चोर बाउंड्रीवाल फांदकर पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुए। इसके बाद आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य दस्तावेज चोरी कर लिए गए। इस मामले में करीब 2 लाख 95 हजार रुपये के मशरूका की चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।वहीं दूसरी घटना वार्ड क्रमांक 11, सोंठी निवासी कमला बाई यादव के घर हुई। यहां भी 28 जुलाई की रात अज्ञात चोर घर में घुसे और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, जरूरी दस्तावेज तथा दुकान में रखी सिगरेट सहित करीब 90 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए।दोनों घटनाओं में चोरी का तरीका एक जैसा मिलने पर सक्ती पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बलवीर सतनामी, फलेश साहू और समीर डेनियल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों मकानों में चोरी करना स्वीकार किया।पुलिस के मुताबिक चोरी के जेवरात को आरोपियों ने आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। कुछ जेवरात को सक्ती की बी.पी. ज्वेलर्स दुकान में बिक्री के लिए दिए जाने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद कर लिया।मामले में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 24 अगस्त 2026 को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।गिरफ्तार आरोपियों में बलवीर सतनामी उम्र 22 वर्ष, फलेश साहू उम्र 26 वर्ष, समीर डेनियल उम्र 19 वर्ष और अमित अग्रवाल उम्र 45 वर्ष शामिल हैं।पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल तथा एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस टीम ने की। पुलिस ने तकनीकी और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए दोनों चोरी की घटनाओं को जोड़ते हुए गिरोह तक पहुंच बनाई।पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




