कोरबा, छत्तीसगढ़। जिले में कबाड़ के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। दरी थाना के पीछे संचालित बताई जा रही जानू कबाड़ दुकान में कथित तौर पर धड़ल्ले से कबाड़ का कारोबार चलने की बात सामने आ रही है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह दुकान संचालित बताई जा रही है, वह दरी थाना के पीछे का इलाका है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर इस कारोबार की गतिविधियों पर जिम्मेदार विभागों की नजर है या नहीं?
स्थानीय स्तर पर इस दुकान में कबाड़ के कामकाज को लेकर चर्चाएं सामने आ रही हैं। अब सवाल यह है कि दुकान में किस प्रकार का कबाड़ खरीदा और बेचा जा रहा है? क्या दुकान संचालक के पास कबाड़ कारोबार से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज और वैध अनुमति उपलब्ध हैं? क्या दुकान में खरीदे जाने वाले कबाड़ का नियमित रिकॉर्ड रखा जाता है? इन तमाम बिंदुओं की जांच होना जरूरी है।
कबाड़ का कारोबार अपने आप में अवैध नहीं है, लेकिन यदि इस कारोबार की आड़ में चोरी का सामान खरीदने-बेचने या बिना वैध दस्तावेजों के संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की आशंका है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल दरी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी खड़ा हो रहा है। थाना के पीछे ही यदि कबाड़ का कारोबार संचालित हो रहा है, तो क्या पुलिस को इसकी जानकारी है? क्या दुकान का कभी निरीक्षण किया गया है? क्या कबाड़ दुकान के दस्तावेजों और वहां रखे सामान की जांच की गई है?
अब देखना होगा कि दरी पुलिस और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या जानू कबाड़ दुकान की जांच होगी? क्या दुकान में रखे कबाड़ के स्रोत और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा? या फिर यह मामला भी सवालों तक ही सीमित रह जाएगा?




