कोरबा। ग्राम पंचायत नकटीखार में 15वें वित्त मद एवं मूलभूत योजना के तहत खर्च की गई राशि को लेकर उठे सवालों पर जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। जांच अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में पंचायत को वित्तीय अनियमितता के आरोपों से राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि उपलब्ध आय-व्यय विवरण के अनुसार राशि खर्च की गई और निर्माण कार्य पूर्ण पाए गए। लेकिन इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद मामला खत्म होने के बजाय कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर जांच में किन-किन बिंदुओं का परीक्षण किया गया और क्या हर शिकायत का संतोषजनक जवाब मिल पाया?
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम पंचायत नकटीखार में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के दौरान 15वें वित्त मद और मूलभूत योजना के अंतर्गत प्राप्त राशि का व्यय संलग्न आय-व्यय पत्रक के अनुसार किया गया है। रिपोर्ट में निर्माण कार्य पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए फोटोग्राफ भी संलग्न किए गए हैं। जांच अधिकारियों का निष्कर्ष है कि ग्राम पंचायत द्वारा किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता प्रमाणित नहीं हुई है।
लेकिन इस पूरे मामले का दूसरा पहलू गांव के भालुसटका से देवरास मोहल्ला जाने वाले पुराने रास्ते से जुड़ा है। जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि लगभग एक माह पूर्व इस पुराने रास्ते को बाड़ी से घेरकर आवागमन अवरुद्ध कर दिया गया था। इसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार, सरपंच एवं सचिव ने ग्रामीणों और कथित बेजा कब्जाधारी के बीच समझौता कराकर रास्ते को कब्जामुक्त कराया। इसके बाद लगभग 600 मीटर लंबे कीचड़युक्त मार्ग पर मुरूम डलवाकर आवागमन को सुचारू किया गया।
इतना ही नहीं, ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर उक्त 600 मीटर मार्ग पर सीसी रोड निर्माण के लिए स्वीकृति संबंधी आवश्यक कार्रवाई हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत कोरबा को पत्र भी भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के साथ पंचनामा, संबंधित व्यक्तियों के बयान और फोटोग्राफ संलग्न किए गए हैं।
जांच रिपोर्ट पर अब जवाबदेही का सवाल!
यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जांच का उद्देश्य केवल पंचायत को वित्तीय अनियमितता के आरोपों से मुक्त करना था या शिकायत में उठाए गए प्रत्येक बिंदु की वास्तविकता तक पहुंचना भी था?
जनपद पंचायत कोरबा के वरिष्ठ करारोपण अधिकारी राम कुमार पैकरा और उप अभियंता सानंदा मंजूमदार द्वारा प्रस्तुत जांच निष्कर्ष अब चर्चा का विषय बन गया है।
आखिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण किस आधार पर किया गया? क्या मौके पर निर्माण की वास्तविक स्थिति, स्वीकृत राशि, भुगतान, माप पुस्तिका और कार्यों की उपयोगिता का भी मिलान किया गया? क्या संलग्न फोटोग्राफ ही सभी निर्माण कार्यों की पूर्णता और गुणवत्ता साबित करने के लिए पर्याप्त हैं?
वहीं, पुराने रास्ते पर बाड़ी लगाकर आवागमन रोकने का मामला भी कई सवाल छोड़ता है। यदि रास्ता वास्तव में अवरुद्ध था, तो इसे पहले से सुरक्षित और सुचारू रखने की जिम्मेदारी किसकी थी? ग्रामीणों को एक माह तक परेशानी क्यों उठानी पड़ी? और अब 600 मीटर सीसी रोड के निर्माण की स्वीकृति कब तक मिलेगी?
अब जिला प्रशासन से जवाब की उम्मीद!
जांच रिपोर्ट में पंचायत को वित्तीय अनियमितता से मुक्त बताया गया है, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं कि जांच प्रक्रिया और अधिकारियों की जवाबदेही से जुड़े सवाल भी समाप्त हो गए हैं।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस जांच रिपोर्ट की समीक्षा करता है या नहीं। क्या जांच अधिकारियों की भूमिका और निष्कर्षों का भी परीक्षण होगा? क्या 600 मीटर सीसी रोड के निर्माण को स्वीकृति मिलेगी? और सबसे अहम, यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या तथ्यात्मक कमी सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या नहीं?
क्योंकि सवाल सिर्फ एक पंचायत का नहीं, बल्कि सरकारी धन के सही उपयोग, ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और जांच व्यवस्था की पारदर्शिता का भी है।
अब देखना होगा कि नकटीखार पंचायत को मिली क्लीन चिट के बाद जिला प्रशासन क्या रुख अपनाता है और ग्रामीणों के इन सवालों का जवाब कब मिलता है।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा — सवाल जनता के, जवाबदेही प्रशासन की!




