कोरबा। ग्राम पंचायत नकटीखार में पंचायत की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। गांव के कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर सरपंच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने 15वें वित्त की राशि, पीडीएस भवन और आंगनबाड़ी से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों पर सरपंच द्वारा पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जब ग्रामीण पंचायत के कार्यों, खर्च की गई राशि और अधूरे विकास कार्यों को लेकर सवाल करते हैं, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें मजबूर होकर जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर के जनदर्शन में अपनी बात रखनी पड़ी।
शिकायत में 15वें वित्त की राशि के उपयोग, पीडीएस भवन की स्थिति और आंगनबाड़ी से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीण चाहते हैं कि पंचायत में स्वीकृत राशि से लेकर कराए गए कार्यों तक की निष्पक्ष जांच हो और यह स्पष्ट किया जाए कि विकास के लिए आई राशि का उपयोग कहां और किस तरह किया गया है।
वहीं, ग्रामीणों की ओर से सरपंच पर शराब सेवन कर नशे की हालत में रहने के आरोप भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस सरपंच पर गांव के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी है, उसी की कार्यप्रणाली को लेकर उन्हें शिकायत करनी पड़ रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और सरपंच का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कलेक्टर जनदर्शन में पहुंची ग्रामीणों की शिकायत पर जिला प्रशासन संज्ञान लेगा? क्या 15वें वित्त की राशि, पीडीएस भवन और आंगनबाड़ी से जुड़े मामलों की जांच होगी? और क्या शिकायतों के आधार पर जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई की जाएगी?
फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि नकटीखार पंचायत की शिकायत पर जांच की आंच कहां तक पहुंचती है।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा




