कोरबा जिले के दीपका परियोजना में कार्यरत कलिंगा कमर्शियल कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी KCCL के कर्मचारियों ने वेतन भुगतान को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी द्वारा माइनिंग सुपरवाइजर, मैकेनिक और हेल्परों को कोल इंडिया की हार्ड पावर कमेटी यानी HPC द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन और SECL दीपका प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए 13 जून 2026 तक का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 14 जून 2026 से दीपका खदान क्षेत्र के चांदनी चौक और KCC कैंप गेट पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी तथा कंपनी का कार्य पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों ने यह भी दावा किया है कि SECL प्रबंधन द्वारा KCCL को HPC द्वारा निर्धारित दर से मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं, इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान यदि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन, SECL प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।
अब सभी की निगाहें KCCL प्रबंधन और SECL के अगले कदम पर टिकी हैं कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान समय रहते किया जाता है या दीपका परियोजना में कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बनती है।














