कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र से डकैती की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गंगानगर बाजार के पास देर रात राहगीरों को रोककर उनके साथ मारपीट करने और चाकू दिखाकर मोबाइल फोन एवं नकदी लूटने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।इस मामले में कुसमुंडा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित लगभग 21 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।दरअसल, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अपने साथियों के साथ ग्राम खोड़री से वापस लौट रहा था। इसी दौरान जब वे गंगानगर बाजार के पास पहुंचे, तभी अचानक 7 से 8 अज्ञात लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली।इसके बाद बदमाशों ने राहगीरों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडों से जमकर मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने चाकू दिखाकर सभी को डराया और उनके मोबाइल फोन तथा नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।इस वारदात में प्रार्थी का वीवो Y31, ज्योतिश कुमार का ओप्पो A5, पर्स में रखे 500 रुपये और सुरेंद्रपाल कंवर का वीवो Y18 मोबाइल फोन लूट लिया गया। मारपीट में पीड़ितों को गंभीर चोटें भी आईं।घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना कुसमुंडा में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसमुंडा पुलिस ने विशेष टीम गठित की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और जांच के आधार पर दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए तीनों मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली।गिरफ्तार आरोपियों में निशांत प्रसाद केंवट, उम्र 20 वर्ष, निवासी कुदरीपार, थाना बांकीमोंगरा तथा शिवा बिंझवार, उम्र 20 वर्ष, निवासी मोंगरा बस्ती, थाना बांकीमोंगरा शामिल हैं।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।हालांकि, इस पूरी वारदात में 7 से 8 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस घटना में शामिल बाकी आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आएंगे?कुसमुंडा पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।फिलहाल, दो आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच जारी है।
बुलंद आवाज न्यूज़ कोरबा।




