कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित हत्या प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब दो वर्ष से फरार चल रहे मुख्य आरोपी वैभव भारती को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इससे एक दिन पहले सह-आरोपी जितेंद्र मसीह भी गिरफ्तार किया जा चुका है।पुलिस के अनुसार, मृतक विकास अग्रवाल और मुख्य आरोपी वैभव भारती के बीच पुरानी रंजिश थी। आरोपी को संदेह था कि मृतक उसकी बहन पर गलत नजर रखता है। इसी रंजिश के चलते वैभव ने अपने साथी जितेंद्र मसीह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।जांच में सामने आया कि 16 फरवरी 2024 को एक शादी समारोह के दौरान मृतक को पहले अत्यधिक शराब पिलाई गई। इसके बाद शराब में चूहे मारने की जहरीली दवा मिलाकर डिस्पोजेबल गिलास के जरिए पिला दी गई। तबीयत बिगड़ने पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद हत्या और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया।दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे, जिनकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा द्वारा ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था। लगातार तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित चर्चित हत्याकांड में न्यायिक प्रक्रिया को गति मिली है और गंभीर अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



