कोरबा के सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कथित कब्जे और राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से शिकायत कर आरोप लगाया है कि दिलीप कुमार कलवानी ने अपनी निजी जमीन से लगी लगभग 2 डिसमिल सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे अपने नाम दर्ज कराने की कोशिश की है।
शिकायत के अनुसार खसरा नंबर 3/1/ग/15 की लगभग 0.0990 हेक्टेयर भूमि दिलीप कलवानी के नाम पर है, जबकि उसके पुत्र द्वारा वर्ष 2020-21 में इसी खसरा नंबर की 0.0200 हेक्टेयर भूमि खरीदी गई थी। आरोप है कि इन दोनों जमीनों के बीच स्थित करीब 2 डिसमिल सरकारी भूमि, जिसकी बाजार कीमत 10 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है, को राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर अपने हिस्से में शामिल कराया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में शारदा विहार क्षेत्र में भी दिलीप कलवानी द्वारा कथित अतिक्रमण किए जाने पर नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा वर्ष 2016-17 में संबंधित भूमि को लेकर न्यायालय आयुक्त, बिलासपुर में मामला चला था, जिसमें कथित रूप से उन्हें राहत नहीं मिली थी। बाद में संबंधित भूमि उनके पुत्र के नाम खरीदी गई।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि खसरा नंबर 3/1/ग/15 की दोनों भूमि की निष्पक्ष जांच होने तक उनकी खरीदी-बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही पूरे मामले की राजस्व और प्रशासनिक स्तर पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।














